
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा जिले में मई माह के दौरान हुई बारिश और तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया। जिले में कुल 41 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि आंधी-तूफान से जुड़े हादसों में दो लोगों की मौत हो गई और छह से अधिक लोग घायल हुए। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को शासन की आपदा राहत नीति के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है, जबकि घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था भी कराई गई।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अवनीश दुबे ने बताया कि मई माह में जिले की विभिन्न तहसीलों में अलग-अलग समय पर वर्षा हुई, लेकिन इस बार बारिश की अपेक्षा तेज आंधी और तूफान से अधिक नुकसान हुआ। कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली लाइनों के क्षतिग्रस्त होने और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों पर लगातार नजर बनाए रखी।उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में इस बार कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। वर्तमान में खेतों में मुख्य रूप से मूंग की फसल खड़ी है, जिससे वर्षा का प्रभाव सीमित रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जिले में बारिश की विशेष संभावना नहीं है, फिर भी प्रशासन सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।