
PARDARSHI VIKASH NEWS लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद इटावा में भी अग्निशमन विभाग ने कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीमों द्वारा लगातार संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग सेंटर संचालक सेंटर बंद कर मौके से गायब मिले। अग्निशमन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, जिले में अभी तक केवल सात कोचिंग सेंटरों के पास फायर एनओसी उपलब्ध है।अग्निशमन अधिकारी आशीष माहौर ने बताया कि शहर में करीब 40 से 45 कोचिंग सेंटरों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई संस्थान बंद मिले, जबकि खुले मिले कुछ सेंटरों में अग्नि सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई। ऐसे संचालकों को नोटिस जारी कर सात दिन के अंदर जवाब देने और कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।विभाग का कहना है कि बिना सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहे कोचिंग सेंटर छात्रों के लिए खतरा बन सकते हैं। बेसमेंट में चल रहे कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी को नियमों के खिलाफ बताया गया है। ऐसे स्थानों पर संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।फायर विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान फायर उपकरण, आपात निकासी व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।