
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। स्वरूप नगर क्षेत्र में एक दवा कारोबारी के घर से करीब 60 लाख रुपये के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग घरेलू सहायिका और उसके प्रेमी मोहम्मद यूनुस को राजस्थान के माउंट आबू से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों शादी के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।जांच में सामने आया कि नाबालिग ने 16 जून को घरेलू सहायिका के रूप में नौकरी शुरू की और पहले ही दिन घर की रेकी कर ली। अगले दिन उसने घर के पिछले हिस्से का लॉक खोलकर अलमारी से करीब 60 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस का दावा है कि उसने जेवर जींस के अंदर छिपाकर घर से बाहर निकल गई।18 जून को मेड के काम पर नहीं आने पर कारोबारी को शक हुआ। अलमारी से जेवर गायब मिलने पर स्वरूप नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और कॉल डिटेल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची और राजस्थान से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।डीसीपी सेंट्रल के अनुसार आरोपियों के कब्जे से सोने के जेवर, सोने के बिस्कुट, 24 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पूछताछ में यह भी पता चला कि चोरी किए गए छह लाख रुपये कीमत के एक ब्रेसलेट को दो लाख रुपये में बेच दिया गया था। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।