news-details

इसे ठीक कराओ, वरना उल्टा टांग दूंगा: विधायक

You can share this post!


जो करते बने कर लो, सरकारी काम है:ठेकेदार

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गोविंद नगर क्षेत्र में बुधवार रात करीब 1 बजे जल निगम के ठेकेदार की लापरवाही के चलते पेयजल की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन फटने के बाद तेज दबाव से पानी अचानक कई घरों में घुस गया और करीब 25 घर जलभराव की चपेट में आ गए। रात के समय हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि डबल पुलिया के नीचे जेसीबी से खुदाई का काम चल रहा था, इसी दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ठेकेदार और मजदूर मौके से फरार हो गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। लोगों ने आरोप लगाया कि पहले ही सावधानी बरतने की सलाह दी गई थी, लेकिन लापरवाही के कारण बड़ा नुकसान हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार सुबह करीब 11 बजे विधायक सुरेंद्र मैथानी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचकर उन्होंने जलभराव वाले घरों का जायजा लिया और अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। विधायक ने जल निगम के अधिकारियों को फोन कर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।विधायक ने जल निगम के चीफ को फोन पर कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए कहा, “जिम्मेदार लोगों को तुरंत मौके पर भेजो और इसे ठीक कराओ, वरना उल्टा टांग दूंगा। एफआईआर कराकर दिमाग ठीक कर दूंगा।” उनके इस बयान के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल मच गई और जल निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।इसके बाद जल निगम की टीम ने पाइपलाइन की मरम्मत और घरों से पानी निकालने का कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने मुख्य पाइपलाइन की सप्लाई को फिलहाल बंद कर दिया है ताकि मरम्मत का काम तेजी से पूरा किया जा सके।स्थानीय निवासी रोहित शर्मा ने बताया कि रात में जब खुदाई चल रही थी, तब लोगों ने ठेकेदार को सावधानी बरतने के लिए कहा था, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। रोहित के अनुसार ठेकेदार ने यह भी कहा था कि “15-20 दिन ऐसे ही खुदाई चलेगी, जो करना है कर लो, सरकारी काम है।” इसके बाद पाइपलाइन टूट गई और वह मौके से भाग निकला।एक अन्य निवासी डी.के. श्रीवास्तव ने बताया कि निचले इलाकों के सभी घरों में पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई। लोग अपने ही घरों में चप्पल पहनकर चलने को मजबूर हो गए और कई घरों का सामान भी खराब हो गया।फिलहाल क्षेत्र में पानी निकालने और मरम्मत का काम जारी है, लेकिन लोगों को अभी भी पूरी तरह राहत नहीं मिली है।

विधायक ने सख्त लहजे में कहा—
“जिम्मेदार लोगों को तुरंत मौके पर भेजो और इसे ठीक कराओ, वरना उल्टा टांग दूंगा। एफआईआर कराकर दिमाग ठीक कर दूंगा।”

“जो करते बने कर लो, सरकारी काम है” — ठेकेदार पर आरोप
स्थानीय निवासी रोहित शर्मा ने बताया कि रात करीब 1 बजे खुदाई के दौरान मोहल्ले वालों ने काम रोकने और सावधानी बरतने को कहा था, लेकिन ठेकेदार ने उल्टा जवाब दिया। उनके मुताबिक ठेकेदार ने कहा “15-20 दिन ऐसे ही खुदा रहेगा, जो करते बने कर लो, सरकारी काम है।”इसके बाद पाइपलाइन टूट गई और ठेकेदार मौके से भाग निकला।