
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। इस्कॉन मंदिर में 10 मई को भक्ति और आस्था का विशेष आयोजन ‘बोट फेस्टिवल’ होगा। भीषण गर्मी में भगवान को शीतलता पहुंचाने की वैष्णव परंपरा के तहत आयोजित इस उत्सव में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस बार आयोजन की खास बात यह रहेगी कि शहर में पहली बार भगवान की ‘गजराज’ शोभायात्रा निकाली जाएगी। हाथी के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेगी।मंदिर परिसर स्थित ‘कृष्ण कालिया कुंड’ में श्री श्री राधा माधव जी हंस के आकार की सुसज्जित नौका में विराजमान होकर नौका विहार करेंगे। मंदिर अध्यक्ष प्रेम हरिनाम प्रभु ने बताया कि अक्षय तृतीया से शुरू हुई चंदन यात्रा के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया जा रहा है।उत्सव की शुरुआत शाम 5 बजे भगवान की पालकी यात्रा और मंदिर परिक्रमा से होगी। इसके बाद भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम को मुख्य बोट फेस्टिवल में श्रद्धालु भगवान की मनोहारी लीला के दर्शन कर सकेंगे।मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।