
मुस्लिम समाज ने रखा गाइडलाइन का ध्यान,
एसडीएम सदर बोले-व्यवस्था में लगे हैं 123 मजिस्ट्रेट
PARDARSJHI VIKASH NEWS सुल्तानपुर। जिले में गुरुवार को ईद-उल अजहा (बकरीद) की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। शहर के घरहां स्थित ईदगाह पर जामा मस्जिद चौक के इमाम मौलाना अब्दुल लतीफ ने नमाज पढ़ाई। इस दौरान हजारों लोगों ने देश में अमन-चैन और शांति के लिए दुआएं मांगीं।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर घरहां ईदगाह पर एडीएम प्रशासन रतन प्रिया, सीडीओ विनय कुमार सिंह, एसडीएम सदर उत्तम तिवारी, तहसीलदार सदर देवानंद तिवारी, ईओ लाल चंद और सीओ सिटी सौरभ सामंत सहित तीन नायब तहसीलदार,इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और कांस्टेबल बड़ी संख्या में तैनात थे।शहर के खैराबाद स्थित मस्जिद मीर बंदे हसन (शिया मस्जिद), जामे इस्लामिया, जामे अरबिया, मस्जिदे हिरा, पलटन बाजार स्थित जामे हबीबिया, डिहवा स्थित मस्जिद बेलाल और मदीना मस्जिद, तथा हनीफनगर स्थित मदीना मस्जिद सहित दर्जनों अन्य मस्जिदों में भी ईद-उल अजहा की नमाज अदा की गई।शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी नमाजें मस्जिदों के भीतर ही पढ़ी गईं, सड़कों पर कहीं भी नमाज अदा नहीं की गई। एसडीएम उत्तम तिवारी ने बताया कि जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए लगभग 123 मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई थी।इन मजिस्ट्रेटों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को भी संवेदनशील और प्रमुख स्थलों पर तैनात किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसडीएम ने यह भी बताया कि त्योहार के मद्देनजर नगर पालिका और संबंधित विभागों को विशेष निर्देश दिए गए थे।मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। साथ ही, पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए भी कड़े इंतजाम किए गए। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर अग्निशमन दल की गाड़ियां भी तैनात थीं। इस अवसर पर प्रभारी कोतवाल आलोक कुमार धीमान और इंस्पेक्टर श्याम सुंदर भी मौजूद रहे।समाजसेवी संगठनों की ओर से सरदार बलदेव सिंह, आशीष अग्रवाल, अमर बहादुर सिंह, संतोष पाठक, राजकुमार, अलीमुद्दीन, विनय सेन, पवन कुमार आदि ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समाजवादी पार्टी के नेता गुफरान अहमद सैफी ने सभी को गले मिलकर ईद की बधाई दी।