
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। आगामी ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।जिलाधिकारी के आदेशानुसार 27 मई 2026 से 29 मई 2026 तक जनपद के विभिन्न तहसीलों, थाना क्षेत्रों एवं पुलिस चौकियों पर कुल 02 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 06 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 38 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे।प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि तैनात मजिस्ट्रेट स्थानीय पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी इंचार्ज के साथ समन्वय बनाकर सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में लागू धारा 163 के प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बनाए रखा जाए। सभी अधिकारी अपने तैनाती स्थलों पर मौजूद रहकर समय-समय पर उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत कराते रहेंगे।पर्व के दौरान त्वरित समन्वय एवं निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 05564-240090 जारी किया गया है, जहां से अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखेंगे।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि ईदुज्जुहा पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के वातावरण में मनाएं तथा किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।