
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। साइबर थाने में जूनियर अधिकारी के अधीन तैनाती पर आपत्ति जताते हुए इस्तीफे की अनुमति मांगने वाले इंस्पेक्टर विनय शर्मा का तबादला क्राइम ब्रांच में कर दिया गया है। इंस्पेक्टर विनय शर्मा ने डीसीपी क्राइम को पत्र देकर आरोप लगाया था कि वर्ष 2023 से उनकी लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने तैनाती में डीजी सर्कुलर और न्यायालय के आदेशों की अनदेखी का भी आरोप लगाया था। पत्र में उन्होंने कहा था कि साइबर सेल में उन्हें अपने जूनियर के अधीन कार्य करना पड़ रहा है, जिससे उनके सम्मान और मनोबल पर असर पड़ रहा है।मामला चर्चा में आने के बाद पुलिस प्रशासन ने उनकी तैनाती एडीसीपी क्राइम ब्रांच कार्यालय में कर दी है।ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय एवं अपराध) संकल्प शर्मा ने बताया कि इंस्पेक्टर की समस्या को देखते हुए उनका स्थानांतरण किया गया है। उनके पत्र की जांच की जा रही है और बयान दर्ज करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।