news-details

हरियाली की ओर बढ़ा कदम

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो

हाटा, कुशीनगर।

 

पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ राजकीय महाविद्यालय, ढाढ़ा बुजुर्ग, हाटा में शनिवार को वृक्षारोपण महाअभियान-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शशि कपूर, संयुक्त शिक्षा निदेशक (उच्च शिक्षा), प्रयागराज, डॉ. अश्विनी कुमार मिश्रा, संयुक्त शिक्षा निदेशक (उच्च शिक्षा), प्रयागराज, प्रो. उदयभान, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर तथा प्रो. जे.पी. सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, बस्ती ने महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर अभियान का शुभारंभ किया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। वृक्ष ही स्वच्छ पर्यावरण, जैव विविधता और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।महाविद्यालय के प्राचार्य एवं जनपदीय नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश ने डॉ. अश्विनी कुमार मिश्रा को उच्च शिक्षा विभाग में वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की निगरानी का दायित्व सौंपा है। साथ ही 12 जुलाई 2026 को जनपद कुशीनगर में आयोजित होने वाले व्यापक वृक्षारोपण अभियान के समन्वय एवं मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी जनपदीय स्तर पर उनके नेतृत्व में संपन्न होगी।कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के विकास और जैव विविधता के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया गया। अधिकारियों ने महाविद्यालय की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. अनिता गौतम, डॉ. कुंजलाल सिंह, डॉ. रतनलाल जायसवाल, डॉ. दुर्गेश कुमार त्रिपाठी, डॉ. अल्पना सिंह, डॉ. तनु श्रीवास्तव, डॉ. दीपक कुमार भारतीय, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सुब्बाराव, डॉ. श्री प्रकाश, डॉ. अजय कुमार राय, श्री हरिकेश बहादुर सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।