news-details

हरियाली का महाअभियान, 35.84 लाख पौधे लगाए जाएंगे

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार, 12 जुलाई को कानपुर में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। जनपद के 500 से अधिक चिन्हित स्थलों पर 35 लाख 84 हजार 556 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के तहत सात थीम आधारित वन और 51 गोआश्रय स्थलों पर गोकुल वाटिकाएं भी विकसित की जाएंगी।मुख्य कार्यक्रम सुबह 9 बजे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) में आयोजित होगा, जिसमें कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गंगा बैराज से मंधना तक सड़क के दोनों ओर अमलतास के पौधे भी लगाए जाएंगे।जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और "एक पेड़ मां के नाम" लगाने के साथ उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन ने सभी विभागों को पौधरोपण स्थलों की जियो-टैगिंग तथा पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रभागीय वन अधिकारी आकांक्षा जैन ने बताया कि अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान आम, पीपल, बरगद, जामुन, शीशम, आंवला, बेल, अमलतास, सहजन, इमली सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग 8.55 लाख और अन्य विभाग 27.29 लाख पौधों का रोपण करेंगे।