
पारदर्शी विकास न्यूज़ प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र के निरिया गांव में सोमवार देर रात एक पारिवारिक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में 24 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सर्वेश उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। घर में बच्चे के जन्म की खुशी में कार्यक्रम चल रहा था और परिवार के लोग जश्न मना रहे थे। इसी दौरान परिवार के ही एक युवक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी। फायर की गई गोली सर्वेश को लग गई, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सर्वेश अविवाहित था। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया और खुशी का माहौल गम में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिजनों की ओर से किसी के खिलाफ कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।