
Pardarshi Vikas News Kushinagar
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिरसिया वीरभान गांव के सरेह में हरे जामुन के पेड़ों की अवैध कटान की सूचना पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान टीम ने पेड़ों की अवैध कटाई की पुष्टि की, जिसके बाद संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाया गया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से पेड़ों की अवैध कटान होती रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में ऐसे तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ था।
वन क्षेत्राधिकारी अमृतचन्द ने स्पष्ट किया कि हरे पेड़ों की कटाई पूर्णतः प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वन विभाग की इस सख्ती से उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में अवैध कटान पर रोक लगेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।