
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। इंदिरानगर क्षेत्र में शादी के चार महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका सोनाली (24) का शव किराए के फ्लैट में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार, सोनाली और उसके पति कमलाकांत मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और लखनऊ में रह रहे थे। पति ने पूछताछ में बताया कि दोनों कश्मीर हनीमून पर जाने वाले थे, लेकिन फ्लाइट टिकट रद्द कर ट्रेन टिकट कराने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। अगले दिन ड्यूटी से लौटने पर पत्नी फंदे से लटकी मिली।वहीं, मृतका के भाई अभिषेक ओझा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कार और नकदी की मांग को लेकर सोनाली को प्रताड़ित करता था। उनका कहना है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई और समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय लापरवाही बरती गई।पुलिस ने पति कमलाकांत, उसके माता-पिता, भाई, भाभी और बहन के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।