news-details

हनुमान वेश पर सियासी विवाद

You can share this post!


रोड शो को लेकर हाईकोर्ट के वकील की शिकायत

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ दौरे के दौरान आयोजित रोड शो में भगवान हनुमान की वेशभूषा में एक व्यक्ति की मौजूदगी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं 'काउंसिल ऑफ लॉयर्स' के चेयरमैन एडवोकेट वासु रंजन ने चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजकर मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि राजनीतिक कार्यक्रम में भगवान हनुमान के स्वरूप का उपयोग धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उनका आरोप है कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था के केंद्र भगवान हनुमान की वेशभूषा का राजनीतिक प्रचार-प्रसार में इस्तेमाल अनुचित और आपत्तिजनक है। उन्होंने इसे धार्मिक प्रतीकों के दुरुपयोग का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।एडवोकेट वासु रंजन ने अपनी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी धार्मिक प्रतीक का जानबूझकर ऐसा उपयोग किया जाता है जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों, तो यह दंडनीय अपराध की श्रेणी में आ सकता है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से पूरे मामले की कानूनी पहलुओं के आधार पर जांच कराने का अनुरोध किया है।शिकायत में यह भी मांग की गई है कि कार्यक्रम के आयोजकों, इवेंट प्रबंधन से जुड़े लोगों, भगवान हनुमान की वेशभूषा धारण करने वाले व्यक्ति तथा इस प्रस्तुति की अनुमति देने या आयोजन में शामिल सभी संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जाए। साथ ही कार्यक्रम से जुड़े वीडियो, फोटो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की भी मांग की गई है।शिकायतकर्ता ने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और यदि कोई व्यक्ति कानून के उल्लंघन का दोषी पाया जाता है तो उसके पद या हैसियत की परवाह किए बिना उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों के स्तर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।