
Pardarshi Vikas News Kushinagar
रामकोला क्षेत्र में बिजली कर्मियों के साथ हुई मारपीट की घटना ने माहौल को गरमा दिया है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ की बैठक में टेकुआटार (मांडेराय) स्थित 33/11 केवी बिजली उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों के साथ हुए दुर्व्यवहार और हमले पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया गया। संघ ने इस मामले को लेकर अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर दोषियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई है।
संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उपकेंद्र पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों के साथ कुछ असामाजिक तत्वों ने न सिर्फ अभद्रता की, बल्कि मारपीट कर उन्हें भयभीत करने की कोशिश भी की। इस घटना के बाद कर्मचारियों में असुरक्षा और रोष का माहौल व्याप्त है। बैठक में यह भी कहा गया कि ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संघ ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और कर्मचारियों की सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए, तो 26 अप्रैल से पूरे क्षेत्र के बिजली कर्मी कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे। संघ ने साफ किया कि यदि हड़ताल होती है, तो बिजली आपूर्ति बाधित होना तय है और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन पर होगी।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी विद्युत उपकेंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। बैठक में मौजूद कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस बीच, मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी धनवीर सिंह ने जानकारी दी कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।