
नगर निगम में प्रदर्शन, मेयर और बेटे पर लगाए गंभीर आरोप

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। संतलाल का हाता के सैकड़ों निवासी शनिवार को सीवर लाइन निर्माण की मांग को लेकर नगर निगम पहुंच गए। हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम परिसर में नारेबाजी की और नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए बस्ती में जल्द सीवर लाइन का निर्माण शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संतलाल का हाता में वर्षों से सीवर लाइन नहीं होने के कारण हजारों लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद पवन गुप्ता के प्रयासों से सीवर लाइन का टेंडर स्वीकृत हो चुका है, लेकिन कुछ लोगों के हस्तक्षेप के चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मेयर और उनके पुत्र अमित उर्फ बंटी पांडेय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बस्ती की कीमती जमीन पर नजर होने के कारण सीवर लाइन का काम रोका जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि सीवर लाइन बिछ जाती है तो हजारों परिवारों को स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा, लेकिन निजी हितों के चलते इसमें बाधा डाली जा रही है।स्थानीय निवासी राजवंती देवी ने कहा, "हमारी बस्ती में वर्षों से सीवर लाइन नहीं है। पार्षद पवन गुप्ता ने मेहनत करके टेंडर पास कराया, लेकिन अब मेयर का बेटा अमित पांडेय इसे नहीं पड़ने दे रहा है। वह कह रहा है कि यहां सीवर लाइन नहीं पड़ेगी। हमारी बस्ती को उजाड़ने की कोशिश की जा रही है। हमारे बच्चे, बहू-बेटियां और बुजुर्ग शौच के लिए परेशान हैं। अगर जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो हम आंदोलन तेज करेंगे।"वहीं रोशन लाल कुरील ने कहा, "हम लोग कई वर्षों से सीवर लाइन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

पार्षद के प्रयास से टेंडर पास हुआ, लेकिन अब इसे बनने नहीं दिया जा रहा है। हमारी जानकारी में बस्ती की कीमती जमीन पर नजर होने के कारण यह सब किया जा रहा है। हम गरीब लोग हैं और हमें केवल सीवर लाइन व सम्मान के साथ जीने का अधिकार चाहिए।"प्रदर्शन में शामिल छात्र युग ने बताया कि सीवर लाइन नहीं होने के कारण कई परिवारों को आज भी सार्वजनिक शौचालय का सहारा लेना पड़ता है। सुबह लंबी कतार लगने से बच्चों को स्कूल जाने में भी देरी हो जाती है। वहीं स्थानीय निवासी सुषमा ने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों की हालत बेहद खराब है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस भी हुई, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए पहले से स्वीकृत सीवर लाइन परियोजना को बिना किसी बाधा के पूरा कराने तथा कार्य में अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।नगर निगम प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हालांकि प्रदर्शनकारियों द्वारा लगाए गए आरोपों पर मेयर तथा उनके पुत्र की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

"हम लोग कई वर्षों से सीवर लाइन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पार्षद पवन गुप्ता के प्रयास से आखिरकार टेंडर पास हुआ, लेकिन अब मेयर का बेटा अमित पांडेय इसे बनने नहीं देना चाहता। हमारी जानकारी में उसकी नजर हमारी बस्ती की कीमती जमीन पर है। हम गरीब लोग हैं, हमें सिर्फ सीवर लाइन और सम्मान के साथ जीने का अधिकार चाहिए। आज भी हमारे बच्चे सड़क किनारे और सार्वजनिक शौचालयों पर जाने को मजबूर हैं। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि बिना किसी दबाव के सीवर लाइन का काम जल्द शुरू कराया जाए।" -रोशन लाल कुरील का बयान

"हमारी बस्ती में वर्षों से सीवर लाइन नहीं है। पार्षद पवन गुप्ता ने बहुत मेहनत करके सीवर लाइन का टेंडर पास कराया, लेकिन अब मेयर का बेटा अमित पांडेय इसे नहीं पड़ने दे रहा है। वह अड़ंगा लगा रहा है और कह रहा है कि यहां सीवर लाइन नहीं पड़ेगी। हमारी बस्ती को उजाड़ने की कोशिश की जा रही है। हमारे बच्चे, बहू-बेटियां और बुजुर्ग शौच के लिए परेशान हैं। सरकार हर घर में शौचालय की बात कर रही है, लेकिन हमें आज भी बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही। अगर जल्द सीवर लाइन नहीं पड़ी तो हम अपना आंदोलन और तेज करेंगे।" -राजवंती देवी
