
Pardarshi Vikas News Agra
आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह घटना कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के प्रताप चौराहे के पास करीब 4:30 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, सलेमपुर गांव निवासी श्रीमती देवी अपने पति संतोष कुमार के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से गांव लौट रही थीं। दोनों हाथरस तहसील में अपनी बीमार समधन से मिलकर वापस जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कंटेनर ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तुरंत निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।