news-details

हिंदी दिवस पर संगोष्ठी में भाषा के महत्व पर मंथन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। श्री शिव प्रताप इंटर कॉलेज अमेठी में सोमवार को हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी विभाग की ओर से एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के महत्व, संरक्षण और वर्तमान समय में इसके उपयोग को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।कार्यक्रम संयोजक हिंदी शिक्षक नन्द कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भाषाओं का संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसे दैनिक जीवन में सम्मान के साथ अपनाने की आवश्यकता है।कार्यक्रम में छात्राओं प्रगति यादव, आभा, सिमरन, खुशी, अंशिका, फिजा बानो, कृति और वंदना ने हिंदी दिवस पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान निबंध लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश शुक्ल ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी में भाव और अभिव्यक्ति के सभी रस समाहित हैं तथा भाषा निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने भारतेन्दु हरिश्चंद्र और तुलसीदास के साहित्य पर भी प्रकाश डाला।विशिष्ट अतिथि अंग्रेजी विभाग के वरिष्ठ शिक्षक शिव लाल जायसवाल ने कहा कि किसी दिवस को केवल एक दिन मनाने से उसकी उपयोगिता पूरी नहीं होती। भाषा के प्रति प्रत्येक दिन सकारात्मक चिंतन और व्यवहार जरूरी है।डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि हिंदी देश का गौरव है और बोलचाल व कामकाज में हिंदी का प्रयोग करने में किसी को संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने सभी को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं।