news-details

हूटर हटाने पर भड़कीं युवतियां

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर।  कल्याणपुर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान हूटर उतरवाने को लेकर दो युवतियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद एक युवती ने महिला दरोगा के हाथ में काट लिया और मारपीट की। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पनकी रोड निवासी दिवंगत भाजपा नेत्री की बेटियां ऋचा शुक्ला और त्रिचा शुक्ला स्कॉर्पियो से जीटी रोड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कल्याणपुर क्रॉसिंग पर पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। पुलिस ने हूटर और झंडा लगी स्कॉर्पियो को रोक लिया। पुलिस के अनुसार वाहन में प्रेशर हूटर लगा हुआ था। जब पुलिसकर्मियों ने हूटर उतरवाने और गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा तो विवाद शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस वाहन को थाने ले आई। कुछ देर बाद दोनों युवतियां भी थाने पहुंच गईं। आरोप है कि थाने में युवतियों ने थाना प्रभारी कार्यालय से गाड़ी की चाबी लेने की कोशिश की। वहां मौजूद महिला दरोगा अल्का सिंह ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवती ने महिला दरोगा के हाथ में दांत से काट लिया और धक्का-मुक्की की। घटना में दरोगा के हाथ से खून निकलने लगा। थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पुलिस का कहना है कि संबंधित युवतियों के खिलाफ पहले भी जमीन कब्जे से जुड़े मामले दर्ज हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस घटना में महिला दरोगा की तहरीर पर मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान हूटर और झंडा लगी गाड़ी को रोका गया था। चालक वाहन के दस्तावेज नहीं दिखा सका। हूटर हटाने की कार्रवाई के दौरान युवतियां पुलिस से उलझ गईं और बाद में थाने में भी अभद्रता की। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।