
पारदर्शी विकास न्यूज़, कुशीनगर। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हाटा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच युवा नेता अभय राव जनआशीर्वाद यात्रा के बाद जनविश्वास यात्रा के माध्यम से क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं। उनकी यात्राओं के दौरान विभिन्न स्थानों पर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है।बीते दिनों हाटा के गांधी मैदान में कार्यक्रम के बाद अभय राव ने विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान कई जगह उनका स्वागत किया गया। यात्रा में युवाओं की भागीदारी भी दिखाई दी।अभय राव का कहना है कि उन्होंने भाजपा में करीब 12 वर्षों तक कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए काम किया है। अब वह जनता से सीधे संवाद कर क्षेत्र के लोगों के बीच अपनी बात रख रहे हैं। उनके समर्थक इन यात्राओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देख रहे हैं।हालांकि, भाजपा की ओर से हाटा विधानसभा सीट के लिए किसी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। टिकट का फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है। ऐसे में अभय राव की सक्रियता ने क्षेत्र में उनकी संभावित राजनीतिक दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।