news-details

हुनर की गूंज पहुंची सात समंदर पार

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर नगर। शहर की छात्रा शिवानी की सुंदर हस्तलिपि ने देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई है। उसकी आकर्षक और व्यवस्थित लिखावट से प्रभावित होकर ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने उसके लिए विशेष उपहार भेजे हैं। डॉ. आशुतोष शर्मा ने शिवानी को कैलीग्राफी की किताबें, विशेष पेन और अध्ययन सामग्री भेजकर उसकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनता दर्शन के दौरान यह सामग्री शिवानी को सौंपते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।शिवानी अपनी बेहतरीन हस्तलिपि के कारण चर्चा में आई थी। उसकी लिखावट इतनी स्पष्ट और सुंदर है कि देखने वाले कई बार इसे टाइप किया हुआ समझ लेते हैं। उसकी प्रतिभा को देखते हुए जिलाधिकारी ने पहले भी उसे सम्मानित कर प्रोत्साहित किया था। इसके बाद शिवानी की कहानी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से देश-विदेश तक पहुंची।ब्रिटेन में रहने वाले डॉ. आशुतोष शर्मा ने जब शिवानी के हुनर के बारे में जाना तो वह काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलना चाहिए। शिवानी के घर का पता उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्होंने सारी सामग्री जिलाधिकारी कार्यालय के पते पर भेजी और अनुरोध किया कि यह उपहार शिवानी तक पहुंचाया जाए।जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने शिवानी को कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन और अन्य सामग्री भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने शिवानी को एक गुल्लक भी दी और बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिवानी की उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा है कि मेहनत और लगन से प्रतिभा को नई पहचान मिल सकती है।जिलाधिकारी ने शिवानी को नियमित अभ्यास जारी रखने और कैलीग्राफी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने पर बच्चे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।उपहार पाकर शिवानी बेहद खुश नजर आई। उसने डॉ. आशुतोष शर्मा और जिलाधिकारी का आभार जताते हुए कहा कि यह प्रोत्साहन उसके लिए बड़ी प्रेरणा है। वह आगे भी अपनी लेखन कला को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करेगी।

शिवानी की सुंदर हस्तलिपि उसकी मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। यह उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है जो अपने हुनर के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं।प्रतिभाओं को सही समय पर प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन मिलने से वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। शिवानी को मिला यह सम्मान अन्य बच्चों को भी अपनी रुचियों और क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित करेगा। शिवानी को निरंतर अभ्यास जारी रखते हुए कैलीग्राफी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने की शुभकामनाएं। - जितेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी कानपुर नगर