news-details

होमगार्ड्स परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur Dehat

जनपद में प्रस्तावित होमगार्ड्स एनरोलमेंट लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने श्री कृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मुहम्मदपुर, विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां तथा श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता को बारीकी से परखा गया।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। प्रवेश और निकास व्यवस्था भी सुचारू रखी जाए, ताकि भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। उन्होंने नकल, फर्जी अभ्यर्थियों और अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण वातावरण में कराई जाए।

जिला प्रशासन के इस निरीक्षण से स्पष्ट है कि परीक्षा को लेकर प्रशासन कोई ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।