
Pardarshi Vikas News Farukhabad
25, 26 और 27 अप्रैल को होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए गए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट सुबह 7 बजे ट्रेजरी पर उपस्थित रहेंगे और हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, स्मार्टवॉच सहित अन्य सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और सभी कर्मचारियों के लिए पहचान पत्र अनिवार्य होगा। केंद्रों के 200 मीटर दायरे में फोटोकॉपी, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को बंद रखा जाएगा।
हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम बनाए जाएंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बाहर क्लॉक रूम की व्यवस्था होगी, जहां वे अपना सामान सुरक्षित रख सकेंगे।
जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक पाली में 7104 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा छह पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को पहले से निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।