
Pardarshi Vikas News Hamirpur
हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मंकरांव के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार महोबा जिले के खन्ना थाना क्षेत्र स्थित ग्योडी गांव निवासी आशू (25) अपनी पत्नी पूजा (22) के साथ बाइक से हमीरपुर जा रहे थे। इसी दौरान मंकरांव के पास तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। हादसे के बाद परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।