
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चांदा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।मामला चांदा कोतवाली क्षेत्र के कालिकागंज चौराहे के पास का है।ग्राम बैतीकला के पास सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था और कबाड़ बीनकर अपना जीवन यापन करता था।हालांकि उसकी पहचान और पता नहीं चल सका।पुलिस के मुताबिक शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए।पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।