
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। पनकी के बी-ब्लॉक स्थित मकान नंबर 1051 में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान घर में आरओ प्लांट से पानी की बोतलों की पैकिंग का मामला सामने आया। 30 अक्टूबर 2026 को आतिश जायसवाल द्वारा रिवेरा ब्रांड के नाम से पानी की बोतलें पैक की जा रही थीं। टीम ने पानी का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया और शेष 312 बोतलें, जिनकी कीमत 6,240 रुपये बताई गई, सीज कर खाद्य कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में दे दीं।जांच के दौरान परिसर में पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए लैब नहीं मिली। प्लांट में यूवी और आयोनाइजेशन की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। इसके अलावा पैकेजिंग सामग्री के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र, सफाई रिकॉर्ड, बैच नंबर का विवरण, पानी की जैविक एवं हेवी मेटल जांच रिपोर्ट, पेस्टिसाइड अवशेष जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। परिसर की साफ-सफाई भी निर्धारित शेड्यूल-4 के मानकों के अनुरूप नहीं मिली।खाद्य कारोबारी द्वारा पैकिंग संबंधी नियमों की जानकारी न होने की बात कहे जाने पर उसका खाद्य पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।