
Pardarshi Vikas News Unnao
आसीवन थाना क्षेत्र के कादिरपुर गांव में घरेलू विवाद के बाद 32 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि मृतका के भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कादिरपुर निवासी दिनेश सिंह की पत्नी सरिता सिंह का बुधवार शाम घर में किसी बात को लेकर अपनी सास से विवाद हो गया था। विवाद के बाद सरिता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में परिजन सरिता को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुरुवार को मृतका के भाई ने मोर्चरी पहुंचकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और बहन की हत्या किए जाने की आशंका जताई।
मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इनमें 12 वर्षीय पुत्र अहम, 10 वर्षीय पुत्री अंशिका और 6 वर्षीय पुत्र रौनक शामिल हैं। मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।