
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर जनपद के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित बेलवनिया गांव के एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और घर में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार दरगौली गांव के बेलवनिया टोला निवासी रामजतन (45) पुत्र राजबली महाराष्ट्र के पुणे में रहकर मजदूरी करते थे। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। परिजनों के मुताबिक वह बृहस्पतिवार को ट्रेन से अपने घर आने के लिए पुणे से रवाना हुए थे।इसी दौरान शनिवार को बस्ती जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें एंबुलेंस से बस्ती मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।रविवार को बस्ती कोतवाली पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी लालमुनि देवी, 16 वर्षीय पुत्री सरिता और 12 वर्षीय पुत्र रितेश हैं।पत्नी लालमुनि देवी ने बताया कि रामजतन की कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। उनके निधन के बाद बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण-पोषण को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।फिलहाल रामजतन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।