
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। पुरवा थाना क्षेत्र के तारागढ़ी गांव में शुक्रवार रात एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।तारागढ़ी गांव निवासी प्रवीण कुमार (30) पुत्र स्वर्गीय राम प्रसाद अविवाहित थे और चार भाइयों में सबसे बड़े थे। परिजनों के मुताबिक वह गेस्ट लाइन से जुड़ा कार्य करते थे। घटना के समय वह घर में अकेले थे।मृतक के भाई नितेश कुमार ने बताया कि जब वह घर लौटे तो प्रवीण को कमरे के अंदर फंदे से लटका देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों और पुलिस को सूचना दी।परिजनों का कहना है कि प्रवीण का किसी से कोई विवाद नहीं था और न ही उनके किसी तनाव में होने की जानकारी थी। ऐसे में आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।मौके पर पहुंची पुरवा थाना पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।थाना प्रभारी भुवन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।