news-details

घायल तड़पता रहा, पुलिस पूछताछ में उलझी!

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र में शनिवार रात बाड़ी पुल के समीप हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। एक दुकानदार के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसे तत्काल अस्पताल न पहुंचाने और पूछताछ में उलझे रहने का आरोप यातायात पुलिस पर लगा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शामपुर-हतवा मार्ग के मोड़ के पास अपनी गुमटी बंद कर सड़क पार करने की तैयारी कर रहे दुकानदार निराला तिवारी को कसया की ओर से आ रही एक बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि बाइक एक होमगार्ड जवान चला रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि दुकानदार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद होमगार्ड जवान ने वर्दी का रौब दिखाते हुए लोगों से अभद्र व्यवहार किया। इसी बीच मौके पर पहुंची यातायात पुलिस से लोगों ने पहले घायल को अस्पताल भेजने की अपील की, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मी इलाज की व्यवस्था करने के बजाय वाहन के कागजात, नाम-पता और अन्य जानकारी लेने में व्यस्त रहे।प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि घायल व्यक्ति मुंह से खून निकलने की बात कहते हुए लगातार इलाज की गुहार लगाता रहा, लेकिन उसे तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। लोगों का यह भी आरोप है कि पूछताछ पूरी करने के बाद यातायात पुलिस मौके से चली गई और घायल काफी देर तक सड़क पर ही पड़ा रहा।बाद में स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को अपने स्तर पर अस्पताल पहुंचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित होमगार्ड जवान तथा लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।उधर, कसया थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कानून सभी के लिए समान है।