news-details

घंसौल की बदहाल व्यवस्था पर जेडीयू का ज्ञापन

You can share this post!



पारदर्शी विकास न्यूज़  बांदाजनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत घंसौल की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जर्जर सड़कें, नालियों का अभाव, विद्यालय के आसपास फैली गंदगी, खराब विद्युत व्यवस्था, आवास योजना में कथित अनियमितताएं और आबादी के बीच संचालित शराब ठेकों का मुद्दा उठाया गया।शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि गांव में जलभराव, गंदगी और मूलभूत सुविधाओं की कमी से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्यालय तक जाने वाले मार्ग की बदहाली, नए बिजली खंभों की जरूरत और मंदिर परिसर की जर्जर स्थिति का भी उल्लेख किया।जेडीयू ने मांग की कि ग्राम पंचायत की सभी समस्याओं की निष्पक्ष जांच कराकर सड़क, नाली, स्वच्छता और बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए तथा योजनाओं में हुई कथित अनियमितताओं के दोषियों पर कार्रवाई की जाए। ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।