
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। किदवई नगर थाना क्षेत्र के साकेत नगर स्थित एक गत्ता फैक्ट्री में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद फैक्ट्री में रखे गैस सिलेंडरों में तेज धमाके होने लगे, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना में फैक्ट्री का टीनशेड भी गिर गया।जानकारी के अनुसार, तड़के करीब तीन बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में रखे गत्ते और गैस सिलेंडर आग की चपेट में आ गए। सिलेंडरों में धमाके होने से करीब 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।घटना की सूचना पर किदवई नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। शुरुआत में आग बुझाने में दिक्कत हुई, क्योंकि सिलेंडरों में लगातार धमाके हो रहे थे और फैक्ट्री का टीनशेड गिर चुका था। इसके बाद फजलगंज, लाटूश रोड, मीरपुर कैंट और जाजमऊ फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं।करीब नौ दमकल गाड़ियों और फायर कर्मियों की टीम ने फैक्ट्री की दीवार तोड़कर अंदर रखे सिलेंडरों को बाहर निकाला। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।