
Pardarshi Vikas News Lucknow
राजधानी में अप्रैल माह की भीषण गर्मी ने तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि रविवार को पारा 43 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। गर्मी से राहत देने के लिए नगर निगम ने लालबाग और 1090 चौराहे पर कूलिंग पॉइंट बनाए हैं। यहां तंबू लगाकर कूलर-पंखों की व्यवस्था की गई है। राहगीरों के लिए घड़े का ठंडा पानी और गुड़ भी रखा गया है। भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी दिख रहा है। ट्रांसफॉर्मर गर्म होने से बचाने के लिए उनके सामने पंखे लगाए गए हैं। कई इलाकों में लो वोल्टेज की शिकायत पर अर्थिंग में पानी डलवाया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बंगाल की खाड़ी से नमी आने पर मौसम बदल सकता है। गरज-चमक और हल्की बारिश के साथ तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट संभव है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।