news-details

गर्मी से जानवरों को राहत के खास इंतजाम

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

बढ़ती भीषण गर्मी का असर अब चिड़ियाघर के बेजुबान जानवरों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। तेज धूप और उमस भरे मौसम से राहत दिलाने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं, जिससे जानवरों को ठंडक मिल सके। गर्मी को ध्यान में रखते हुए गैंडे के लिए विशेष रूप से कीचड़ का तालाब तैयार किया गया है। भारी शरीर होने के कारण गैंडे को गर्मी ज्यादा प्रभावित करती है, इसलिए मड बाथ की व्यवस्था की गई है। गैंडा इस कीचड़ में लोटकर अपने शरीर का तापमान नियंत्रित करता है, जिससे उसे काफी राहत मिलती है। विशेषज्ञों के अनुसार, गीली मिट्टी शरीर पर एक सुरक्षात्मक परत बना देती है, जो लंबे समय तक ठंडक बनाए रखने में मदद करती है।हिरणों को गर्मी से बचाने के लिए उनके बाड़े में पानी का प्रवाह बढ़ा दिया गया है। वॉटर टैंकों में लगातार ताजा पानी भरा जा रहा है। गर्मी के कारण हिरण ज्यादातर समय पेड़ों की छांव में झुंड बनाकर बैठे नजर आ रहे हैं, वहीं बाड़े के पास बने मोट में जाकर वे खुद को ठंडा कर रहे हैं।इसके अलावा शेर और अन्य वन्यजीवों के बाड़ों में स्प्रिंकलर लगाए गए हैं, जिनसे निकलने वाली पानी की फुहारें वातावरण को ठंडा कर रही हैं। इन फुहारों से तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो रहा है। शेर भी इन फुहारों के बीच राहत महसूस करते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं।चिड़ियाघर प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा है। टाइगर एन्क्लोजर के सामने बने ग्रासलैंड में भी स्प्रिंकलर चलाए जा रहे हैं, जिससे आसपास का क्षेत्र ठंडा बना रहता है। यहां आने वाले पर्यटक कुछ देर रुककर आराम कर सकते हैं और बिना अधिक गर्मी महसूस किए वन्यजीवों का आनंद ले सकते हैं।चिड़ियाघर प्रशासन द्वारा किए गए ये प्रयास न सिर्फ जानवरों को भीषण गर्मी से राहत दे रहे हैं, बल्कि पर्यटकों के अनुभव को भी बेहतर बना रहे हैं।