
Pardarshi Vikas News Ayodhya
भीषण गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने परिषदीय विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया है। अब जिले के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने बताया कि शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान शैक्षिक कार्यों के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी पूरी की जाएंगी।
नई समय सारिणी के अनुसार प्रार्थना सभा और योगाभ्यास सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक होगा, जबकि मध्यावकाश 10 बजे से 10:15 बजे तक निर्धारित किया गया है।
पहले विद्यालयों का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक था, लेकिन बढ़ते तापमान और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे असर को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
विभाग ने सभी अधिकारियों को नए समय का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं निजी विद्यालय अपने स्तर पर समय तय करेंगे।