news-details

गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को लेकर खोला मोर्चा

You can share this post!


सपा विधायक बोले- चप्पल दिखाने वाले पार्षद ने छिपा रखी है प्रतिमा

पारदर्शी न्यूज कानपुर। कानपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई ने रविवार को मालरोड पर लगी गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा लगवाने को लेकर मोर्चा खोल दिया। प्रतिमा लगवाने को लेकर उन्होंने खून से पत्र लिखते हुए पूछा कि प्रतिमा कहां है और कब लगेगी…? मेट्रो स्टेशन निर्माण के दौरान प्रतिमा को हटाया गया था, लेकिन अभी तक दोबारा लग नहीं सकी है।स्कूल विवाद के दौरान उन्हें चप्पल दिखाने वाले भाजपा के पार्षद विकास जायसवाल को घेरते हुए कहा कि…''वही व्यक्ति जिसकी पहचान हाथ में चप्पल और मुंह पर गाली से है, जिसने सार्वजनिक रूप से लोकतांत्रिक मर्यादाओं को तार-तार किया था, वही आज कानपुर गौरव गणेश शंकर विद्यार्थी जी की प्रतिमा को अपने पास रखे हुए है।कानपुर की आर्यनगर विधानसभा से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने रविवार को पंडित गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापना को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। विधायक नंगे पैर और बगैर शर्ट पहने माल रोड स्थित चबूतरे पर कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और अपने खून से पत्र लिखते हुए जिला प्रशासन, भाजपा के क्षेत्रीय पार्षद और मेट्रो के अफसरों से पूछा कि आखिर गणेश शंकर विद्यार्थी की “मूर्ति कहां है... कब लगेगी…?” लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की।विधायक ने कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए चबूतरा और शेड पूरी तरह तैयार है, लेकिन अब तक प्रतिमा नहीं लगाई गई। उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद विकास जायसवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि वही व्यक्ति, जिसकी पहचान “हाथ में चप्पल और मुंह पर गाली” से है, प्रतिमा को अपने पास रखे हुए है।अमिताभ बाजपेई ने कहा कि यह केवल एक प्रतिमा का मामला नहीं, बल्कि कानपुर की अस्मिता, इतिहास और सम्मान का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि पं. गणेश शंकर विद्यार्थी ने देश और समाज के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था, ऐसे महापुरुष की प्रतिमा को महीनों तक उसके स्थान से दूर रखना पूरे शहर का अपमान है। विधायक ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वह पहले जिलाधिकारी से मुलाकात कर चुके हैं। एडीएम सिटी द्वारा निरीक्षण भी किया गया था। इसके अलावा नरोना चौराहा और माल रोड पर धरना-प्रदर्शन कर मेट्रो प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया था। उस दौरान एक माह के भीतर प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक केवल ढांचा तैयार हुआ है।
विधायक ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं हैं। पं. गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा तत्काल स्थापित की जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई हो। माल रोड स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम “पं. गणेश शंकर विद्यार्थी स्टेशन” रखा जाए।सपा विधायक ने कहा कि नयागंज मेट्रो स्टेशन का निर्माण करने के दौरान प्रतिमा को हटाया गया था, मेट्रो ने काम पूरा होने के बाद प्रतिमा स्थल बनवा दिया है। आरोप लगाया कि क्षेत्रीय पार्षद विकास जायसवाल ने मूर्ति छिपाकर रखी है। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही वहां पर पंडित गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा नहीं लगी तो आंदोलन करेंगे। इस दौरान नीरज सिंह, हरी ओम पांडे, पार्षद रजत बाजपेई, चंकी गुप्ता, विकास गुप्ता, चेतन पांडे, आशीष पांडे, संस्कार खरे, हर्ष नागवंशी, प्रथम और आकाश समेत कई लोग मौजूद रहे।