
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर मेट्रो के नयागंज स्टेशन का नाम अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर रखने की मांग को अब सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा है। सांसद रमेश अवस्थी द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर की गई मांग का समर्थन करते हुए “आप और हम राष्ट्रीय भ्रष्टाचार अपराध मुक्त संगठन” ने भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है।संगठन के उत्तर प्रदेश सचिव रमेश सिहवानी ने कहा कि यह मांग काफी पहले ही उठ जानी चाहिए थी, क्योंकि नयागंज क्षेत्र अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की कर्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में रहकर गणेश शंकर विद्यार्थी ने अपने समाचार पत्र ‘प्रताप’ के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक चेतना को नई दिशा दी थी।रमेश सिहवानी ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी केवल एक पत्रकार नहीं, बल्कि महान क्रांतिकारी, साहित्यकार और राष्ट्रनायक थे। उन्होंने साम्प्रदायिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। ऐसे महान व्यक्तित्व के सम्मान में उनके कार्यक्षेत्र स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखा जाना शहर की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने जैसा होगा।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि नयागंज और आसपास का क्षेत्र गणेश शंकर विद्यार्थी की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से उन्होंने देशभर में स्वतंत्रता, सामाजिक समानता और जनजागरण का संदेश फैलाया। ऐसे में मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर करना नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और पत्रकारिता से प्रेरणा देने वाला कदम साबित होगा।संगठन ने मुख्यमंत्री से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निर्देश जारी करने की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि इससे कानपुर की ऐतिहासिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकेगी।इस मांग के समर्थन में रमेश सिहवानी, सतीश रोचलानी, दीपक अशवानी, मनोज तिरवेदी, विमला चौहान, सावित्री पासवान, सिंपल चौहान, रुबी गुप्ता, प्रतिभा गुप्ता, रजना सेंगर और गीता दीक्षित समेत कई लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।