
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित हुई। बैठक में गौशालाओं के प्रबंधन, हीट वेव से बचाव और आत्मनिर्भरता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गौआश्रय स्थलों में गर्मी से बचाव के लिए टीन शेड पर बोरे या ग्रीनमैट लगाए जाएं और गौवंशों के लिए शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भूसे की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए विकासखंड स्तर पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर भूसा खरीद और भंडारण कराने के निर्देश दिए।डीएम ने संभ्रांत नागरिकों से भूसा दान लेने और गौशालाओं से जुड़ी भूमि पर हरे चारे का उत्पादन बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही अवैध कब्जे वाली गौचर भूमि को मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में गौशालाओं में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण, पौधों की सुरक्षा और वर्मी कंपोस्ट खाद उत्पादन शुरू कराने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने गोबर और गौमूत्र से उपयोगी उत्पाद तैयार कर उन्हें बेचने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि गौशालाएं आत्मनिर्भर बन सकें।