
PARDARSHI VIIKASH NEWS आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की नई आवासीय योजना ग्रेटर आगरा को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। 29 जून से शुरू हुई बुकिंग के बाद यह योजना पिछले वर्ष लॉन्च हुई अटलपुरम टाउनशिप से अधिक मांग में बताई जा रही है। एडीए के अनुसार बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाएं और भविष्य की विकास योजनाओं के कारण खरीदारों का रुझान ग्रेटर आगरा की ओर बढ़ा है।ग्रेटर आगरा योजना इनर रिंग रोड के पास रहनकलां-रायपुर क्षेत्र में लगभग 449 हेक्टेयर में विकसित की जा रही है। यहां 10 टाउनशिप बसाई जाएंगी। पहले चरण में गंगापुरम और नर्मदापुरम में प्लॉटों की बुकिंग 29 जून से 29 जुलाई तक ऑनलाइन की जा रही है। भूखंडों की कीमत 33 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर निर्धारित की गई है। योजना की आधारशिला 7 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रखी थी।एडीए का कहना है कि ग्रेटर आगरा से यमुना एक्सप्रेसवे, लखनऊ एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा यहां ग्रीन कॉरिडोर, बड़े पार्क, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, सामुदायिक केंद्र, सीसीटीवी निगरानी, साइकिल ट्रैक, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सोलर स्ट्रीट लाइट और अंडरग्राउंड यूटिलिटी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।वहीं, अगस्त 2025 में लॉन्च हुई अटलपुरम टाउनशिप के अधिकांश प्लॉट बिक चुके हैं। यह योजना ग्वालियर रोड पर 138 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही है, लेकिन बेहतर लोकेशन और एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी के कारण फिलहाल ग्रेटर आगरा खरीदारों की पहली पसंद बनती नजर आ रही है।