
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम से यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की मेजबानी हटा दी गई है। 14 अगस्त से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के सभी मुकाबले अब लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जाएंगे। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में हुई हाई-लेवल बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इसकी आधिकारिक घोषणा एक-दो दिनों में किए जाने की संभावना है।जानकारी के मुताबिक, ग्रीनपार्क स्टेडियम की जर्जर स्थिति, खराब ड्रेनेज सिस्टम और खेल विभाग की ओर से किराया व अन्य शुल्क बढ़ाए जाने को इस फैसले की प्रमुख वजह माना जा रहा है। मेजबानी बदलने के निर्णय से कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों में निराशा और नाराजगी है।सूत्रों के अनुसार, हाल ही में खेल विभाग ने यूपीसीए को पत्र भेजकर स्टेडियम के उपयोग के लिए करीब पांच करोड़ रुपये किराया मांगा था। इसके अलावा नए शासनादेश के तहत प्रति मैच ढाई लाख रुपये शुल्क निर्धारित किया गया था। बताया जा रहा है कि इन शर्तों पर यूपीसीए ने आपत्ति जताई थी।इसके साथ ही अगस्त और सितंबर में होने वाली बारिश को भी बड़ा कारण माना जा रहा है। ग्रीनपार्क का ड्रेनेज सिस्टम लंबे समय से सवालों के घेरे में रहा है और हल्की बारिश में भी मैदान खेलने लायक बनाने में काफी समय लगता है। वहीं स्टेडियम की सी-बालकनी की जर्जर हालत को देखते हुए दर्शकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी। इन्हीं कारणों से यूपीसीए ने आधुनिक सुविधाओं से लैस लखनऊ के इकाना स्टेडियम को बेहतर विकल्प माना।गौरतलब है कि कुछ समय पहले यूपी टी-20 लीग के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता कर घोषणा की थी कि 14 अगस्त से 6 सितंबर तक टूर्नामेंट के मुकाबले ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। लेकिन अब अचानक मेजबानी बदलने के फैसले से कानपुर के क्रिकेट प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है।यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में हुई बैठक में मैच लखनऊ स्थानांतरित करने का फैसला लिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा करेगा।क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि ग्रीनपार्क स्टेडियम के रखरखाव और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में कानपुर को राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी से वंचित न होना पड़े।