news-details

ग्राम पठा में कूड़े के ढेर में लगी आग, बड़ा हादसा टला

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Jhansi

 मऊरानीपुर क्षेत्र के ग्राम पठा में पंचायत भवन के पास पठा-ढकरवारा संपर्क मार्ग किनारे पड़े कूड़े के ढेर में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क किनारे लंबे समय से कूड़ा डाला जा रहा था। आशंका है कि किसी ने जलती राख या अधजली सामग्री कूड़े में फेंक दी, जिससे आग सुलग उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और कूड़े का ढेर धू-धू कर जलने लगा। धुएं और लपटों को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

आग लगने से सड़क के दूसरी ओर स्थित जनसुविधा केंद्र और डाकघर केंद्र के संचालक भी सतर्क हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर नजर रखी और उसे आसपास फैलने से रोका।

ग्रामीण चतुर्भुज मौर्य और उमेश राय ने बताया कि सड़क किनारे पड़े कूड़े को नियमित रूप से नहीं उठाया जाता है। सफाई व्यवस्था में लापरवाही के कारण यहां अक्सर गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे आगजनी जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने मऊरानीपुर खंड विकास अधिकारी से क्षेत्र में तत्काल साफ-सफाई अभियान चलाने, नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने और सड़क किनारे कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो भविष्य में बड़ी अनहोनी हो सकती है।