
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लागंज वार्ड चतुर्थ स्थित मामा कॉलोनी, दाउदनगर, नई बस्ती सहित आसपास के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जलस्तर बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों को जलभराव और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है। विधायक ने अधिकारियों से एनडीआरएफ और रेस्क्यू टीम की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।डॉ. बोरा ने पत्र के माध्यम से प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री, पेयजल, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निपटने के लिए चिकित्सा टीम और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है।विधायक ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि और गंभीर परेशानी को रोका जा सके।स्थानीय लोगों में बढ़ते जलभराव को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासनिक स्तर पर अब राहत और बचाव की तैयारियों पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हैं।