
Pardarshi Vikas News Lalitpur
जिले में किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। अब जिले के सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर ही फार्मर रजिस्ट्री बनवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। किसान मात्र 50 रुपये शुल्क देकर सीधे क्रय केंद्र पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे किसानों को अलग-अलग दफ्तरों और कॉमन सर्विस सेंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शासन ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 से सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए फार्मर रजिस्ट्री यानी डिजिटल फार्मर आईडी अनिवार्य कर दी है। इस व्यवस्था का उद्देश्य खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, बिचौलियों की भूमिका समाप्त करना और न्यूनतम समर्थन मूल्य का भुगतान सीधे किसानों के खातों में पहुंचाना है। इससे किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खाद-बीज सब्सिडी और कृषि ऋण जैसी योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा। अपर जिलाधिकारी एवं जिला खरीद अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के सभी 50 गेहूं क्रय केंद्रों पर सीएससी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आवेदन के लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और खतौनी की जरूरत होगी। साथ ही आधार और खतौनी में नाम एक समान होना जरूरी है। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने निर्देश दिए हैं कि गेहूं खरीद पूरी पारदर्शिता के साथ की जाए और किसानों को समय पर भुगतान मिले। शिकायत, सुझाव और जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 जारी किया गया है।