
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूबने लगे। यह घटना सोमवती अमावस्या के अवसर पर हुई, जब घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। समय रहते नाविकों की तत्परता से दोनों किशोरों की जान बच गई।मोहल्ला कादरी गेट निवासी 18 वर्षीय सत्यम पुत्र आमोद शर्मा अपने दोस्त 15 वर्षीय उत्कर्ष पुत्र सुमित शाक्य और परिवार के साथ गंगा स्नान करने आया था। दोनों दोस्त पुरानी घटिया के सामने पैंटून पुल के पास गंगा में नहा रहे थे, तभी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।उसी समय नाविक अंबार ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत अपनी नाव उनकी ओर बढ़ाई और दोनों को हाथ पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें नाव से गंगा किनारे पहुंचाया गया। नाविक की सूझबूझ और तत्परता से दोनों किशोरों की जान बच सकी।नाविक अंबार ने बताया कि वे उस समय यात्रियों को नाव में बैठा रहे थे, तभी उन्होंने दोनों लड़कों को डूबते हुए देखा और तुरंत नाव लेकर उन्हें बचाने के लिए पहुंचे। वहीं, किशोर सत्यम ने बताया कि नहाते समय उन्हें पता ही नहीं चला कि वे गहरे पानी में चले गए थे और अगर नाविक समय पर नहीं आते तो बड़ा हादसा हो सकता था।