news-details

गंगा में डूब रही बहन को बचाने कूदा युवक, मौत

You can share this post!


सरैया घाट पर स्नान के दौरान हादसा, दो लोगों को गोताखोरों ने बचाया

पारदर्शी न्यूज कानपुर। कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरैया घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा में डूब रही महिला को बचाने के प्रयास में तीन लोग तेज धारा में बह गए। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान रायपुरवा थाना क्षेत्र के कारवालों नगर, अफीम कोठी निवासी 24 वर्षीय राज चौरसिया के रूप में हुई है। राज इंटरमीडिएट का छात्र था और पिता दिनेश चौरसिया की निकिल पॉलिश की दुकान में हाथ बंटाता था। परिवार में मां सीमा चौरसिया, बड़ा भाई जय चौरसिया और भाभी यशी चौरसिया हैं।राज चौरसिया परिवार के साथ सरैया घाट पर गंगा स्नान करने आया था। परिवार में दीपांती चौरसिया (38), अंबर उर्फ गुन्नू चौरसिया (15) समेत अन्य सदस्य भी मौजूद थे। स्नान के दौरान दीपांती चौरसिया सुरक्षा सीमा से आगे चली गईं और गहरे पानी में डूबने लगीं। उन्हें बचाने के लिए भाई राज तुरंत गंगा में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण वह खुद भी डूबने लगा। इसके बाद अंबर उर्फ गुन्नू भी बचाने के लिए पानी में उतर गया और वह भी धारा में फंस गया।सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद दीपांती चौरसिया और अंबर उर्फ गुन्नू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में राज चौरसिया को भी पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने तीनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवराजपुर पहुंचाया।डॉक्टरों ने दीपांती और अंबर की हालत खतरे से बाहर बताई, जबकि राज की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।