news-details

गंगा की लहरों में थम गई जिंदगी

You can share this post!


स्नान करने आए युवक की मौत

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बिठूर स्थित ब्रह्मावर्त घाट पर रविवार दोपहर गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। उरई निवासी 33 वर्षीय युवक तेज बहाव की चपेट में आकर गंगा में डूब गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने युवक का शव बरामद किया।मृतक की पहचान उरई के रामपुरा निवासी राहुल वर्मा के रूप में हुई है। राहुल निजी कंपनी में काम करते थे। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह वह तीन दोस्तों के साथ बुलेट बाइक से घूमने और गंगा स्नान के लिए बिठूर आए थे।ब्रह्मावर्त घाट पर स्नान के दौरान राहुल अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में बह गए। दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस और स्थानीय गोताखोरों को सूचना दी।जानकारी मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू कराया। काफी तलाश के बाद राहुल का शव गंगा से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।बिठूर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज बहाव के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

"उरई निवासी युवक अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया था। स्नान के दौरान वह तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक का शव बरामद कर लिया गया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।"
– अशोक कुमार सरोज, थाना प्रभारी बिठूर