
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। भारतीय वायुसेना के मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के आयोजन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास की कामना को लेकर शनिवार को नमामि गंगे की ओर से सामने घाट पर मां गंगा की आरती की गई। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष, डमरुओं की थाप और पुष्पवर्षा के बीच प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया।नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से देश की उन्नति तथा समृद्धि का आशीर्वाद मांगा गया। आरती के दौरान तिरंगे के साथ स्वदेशी तकनीक से बने तेजस विमान, ध्रुव और प्रचंड हेलीकॉप्टरों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर प्रदर्शित कर ‘मेक इन इंडिया’ का संदेश दिया गया।राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना का एयर शो देश की सैन्य शक्ति और शौर्य का शानदार प्रदर्शन है। इसमें 20 से अधिक विमानों की भागीदारी भारतीय वायुसेना की क्षमता को प्रदर्शित कर रही है। स्वदेशी तकनीक से निर्मित विमानों और हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम में सुभाष श्रीवास्तव, विनोद सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय सहित नमामि गंगे के अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।