news-details

गोंडा में तारकोल संकट से सड़क निर्माण ठप

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा में नई सड़कों के निर्माण और पुरानी सड़कों की मरम्मत का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मार्च से ठेकेदारों को पर्याप्त मात्रा में तारकोल (बिटुमेन) उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे अधिकांश परियोजनाओं का काम रुक गया है।लोक निर्माण विभाग (PWD) ने तारकोल की बढ़ी हुई कीमतों के समायोजन की घोषणा तो की है, लेकिन यह सुविधा केवल 30 जून तक खरीदे गए तारकोल पर ही लागू होगी। इसके बाद खरीदे जाने वाले तारकोल की बढ़ी हुई कीमत का भुगतान होगा या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी अनिश्चितता के चलते ठेकेदार काम शुरू करने से बच रहे हैं।ठेकेदारों का कहना है कि वर्तमान में बाजार में पर्याप्त मात्रा में तारकोल उपलब्ध नहीं है। यदि 30 जून के बाद मजबूरी में खरीदारी करनी पड़ी तो बढ़ी हुई लागत का भुगतान मिलने की कोई गारंटी नहीं है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।ठेकेदार संघ के अध्यक्ष शिव बहादुर पांडे ने बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पैसा जमा करने के बावजूद तारकोल नहीं मिल रहा है और विभाग की समय सीमा वाली शर्त से ठेकेदारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।ठेकेदार पवन सिंह मझारा ने बताया कि रिफाइनरियों से पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण तारकोल की भारी किल्लत है। बरसात शुरू होने के बाद सड़क निर्माण कार्य करना और अधिक कठिन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार विभाग को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।ठेकेदार भारत सिंह ने भी बताया कि इस संबंध में कई बार अपनी मांग रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। ठेकेदारों ने सरकार और विभाग से जल्द समाधान निकालने की मांग की है, ताकि सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो सके।