
PARDARSHI VIKASH NEWS Gonda जिले में सरयू नदी में मगरमच्छ द्वारा खींचे गए 30 वर्षीय दीपक का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। यह घटना उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के उमरीबेगमगंज डीहा गांव की है। गुरुवार दोपहर करीब 12:20 बजे घटनास्थल से लगभग 8 किलोमीटर दूर ऐली माझा गांव के पास हाईटेंशन लाइन टावर के निकट नदी में शव उतराता हुआ मिला। State Disaster Response Force की टीम सुबह से लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही थी और करीब चार घंटे की तलाश के बाद शव बरामद हुआ। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृतक की पत्नी रेखा वर्मा को जिला आपदा विभाग की ओर से चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक दीपक अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने सरयू नदी किनारे गए थे। अंतिम संस्कार के दौरान हाथ धोने के लिए नदी के पास जाते समय मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और सिर को जबड़े में दबाकर नदी में खींच ले गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और परिजनों ने किसी तरह अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की।