
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा मेडिकल कॉलेज के वार्ड से गायब हुए घायल मरीज वासिद को नगर कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। वासिद बलरामपुर जिले के सादुल्लाहनगर क्षेत्र के भलिया मोहनपुर निवासी हैं और शनिवार को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।हादसे के बाद उन्हें पहले मनकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजन उन्हें वार्ड में भर्ती कर एंबुलेंस की व्यवस्था करने गए थे। लौटने पर वासिद अपने बेड से गायब मिले, जिससे अस्पताल प्रशासन और परिजनों में हड़कंप मच गया।शिकायत मिलने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने तलाश शुरू की और रविवार दोपहर लाल बहादुर शास्त्री चौराहे के पास घायल अवस्था में वासिद को बरामद कर लिया।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ में वासिद ने बताया है कि वह स्वयं वार्ड से बाहर चले गए थे। पुलिस अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके।घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। घायल मरीज के वार्ड से बाहर निकलने की जानकारी सुरक्षा कर्मियों को क्यों नहीं हुई, इसकी जांच की जा रही है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है